मेरठ , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विपक्षी दलों के समूह खासतौर से कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि श्रीलंका एवं तमिलनाडु के बीच सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण कच्चातिवु द्वीप को फालतू बताकर कांग्रेस ने मां भारती का एक अंग काट दिया था।
मेरठ से लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ”साथियों मेरठ की इस धरती का देश की अखंडता और एकता से बड़ा रिश्ता रहा है। यह स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडेय की कर्मभूमि है। यह धरती धन सिंह कोतवाल जैसे शूरवीर की धरती है।”
उन्होंने भावुकता भरे अंदाज में कहा, ”शौर्य की इस धरती से आज मैं पूरे देश को बताना चाहता हूं कि कैसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश की अखंडता एवं देश की एकता को तोड़ते रहे हैं। आज ही कांग्रेस का एक और देश विरोधी कारनामा देश के सामने आया है।”
इसके पहले मामले को लेकर उन्होंने रविवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा किया था जिसमें कहा, ‘‘आंखें खोलने वाली और चौंका देने वाली खबर। नए तथ्यों से पता चलता है कि कांग्रेस ने कैसे संवेदनाहीन ढंग से कच्चातिवु दे दिया था। इससे प्रत्येक भारतीय नाराज है और लोगों के दिमाग में यह बात बैठ गयी है कि हम कभी कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर सकते।’’
Eye opening and startling!
New facts reveal how Congress callously gave away #Katchatheevu.
This has angered every Indian and reaffirmed in people’s minds- we can’t ever trust Congress!
Weakening India’s unity, integrity and interests has been Congress’ way of working for…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 31, 2024
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘भारत की एकता, अखंडता और हितों को कमजोर करना कांग्रेस का 75 वर्ष से काम करने का तरीका रहा है।
इस पर, रैली में इस पर विस्तार से बोलते हुए मोदी ने कहा, ”तमिलनाडु में भारत के समुद्री तट से कुछ किलोमीटर की दूरी पर श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच में एक द्वीप है, कच्चातिवु यह द्वीप सुरक्षा की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा, ”देश आजाद हुआ तब हमारे पास था, यह हमारे भारत का अभिन्न अंग था, लेकिन कांग्रेस ने चार पांच दशक पहले कह दिया कि यह द्वीप तो फालतू है, यहां तो कुछ होता ही नहीं है।
मोदी ने आरोप लगाया कि ”— और यह कहते हुए मां भारती का एक अंग आजाद भारत में ये कांग्रेस के लोगों ने, इंडी एलायंस के साथियों ने काट दिया और भारत से अलग कर दिया। देश कांग्रेस के रवैये की कीमत आज तक चुका रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारत के मछुआरे मछली पकड़ने समुद्र में जाते हैं, इस द्वीप की तरफ जाते हैं तो इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता, उनके बोट को कब्जा कर लिया जाता है।
मोदी ने बहुत तीखे शब्दों में कहा, ”यह कांग्रेस के पाप का परिणाम है कि हमारे मछुआरे आज भी सजा भुगतते चले जा रहे हैं। कांग्रेस जब पास आती है तो उनकी बोलती बंद हो जाती है। द्रमुक जैसे कांग्रेस के साथी दल भी मुंह पर ताला लगाकर बैठ जाते हैं।
विपक्ष पर लगातार हमलावर मोदी ने भीड़ से सवाल उठाते हुए कहा ”यह इंडी गठबंधन जिसने मां भारती का टुकड़ा करके दे दिया, क्या ऐसा गठबंधन देश हित में कोई फैसला ले सकता है क्या, देश का भला कर सकता है।
उन्होंने दावा किया, ”इंडी गठबंधन वाले न देश के जवानों का हित सोच सकते हैं, न ही देश के किसानों का हित सोच सकते हैं, न ही देश के मछुआरों का हित सोच सकते हैं।








