अयोध्या, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में सामान्य लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु जिला शिकायत समिति का गठन किया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या ऋषिराज अध्यक्ष तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार सिंह संयोजक सदस्य व मुख्य कोषाधिकारी श्रीमती ममता सिंह सदस्य नामित की गयी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त समिति पुलिस या एसएसटी या एफएसटी द्वारा की गयी जब्ती के प्रत्येक मामले की स्वतः जांच करेगी और जहां समिति यह पाती है कि जब्ती के लिए कोई एफआईआर/शिकायत दर्ज नही की गयी है या जहां पर जब्ती किसी अभ्यर्थी या राजनैतिक दल या निर्वाचन अभियान आदि से सम्बद्व नही है, तो एसओपी दिनांक 29 मई 2015 के अनुसार समिति इस निमित्त सकारण आदेश पारित करने के बाद ऐसी नकदी आदि को उस व्यक्ति को अवमुक्त किये जाने के लिए तत्काल कदम उठायेगी।
यदि जब्ती की धनराशि 10 लाख रूपये से अधिक है तो धनराशि अवमुक्त करने से पूर्व आयकर विभाग के नोडल अधिकारी को भी सूचित किया जायेगा।
आम जनता की सुविधा हेतु जिला शिकायत समिति की बैठक प्रत्येक दिन सायं 4 बजे मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या के कार्यालय कक्ष में आयोजित की जायेगी।
समिति के संयोजक अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अयोध्या के मो0नं0 9454417612 पर भी जब्ती से सम्बंधित शिकायत दर्ज की जा सकेगी।
उक्त जानकारी मुख्य कोषाधिकारी/नोडल अधिकारी (निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ) श्रीमती ममता सिंह ने दी है।


