राजस्थान में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी जिससे कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोग एक परिवार के सदस्य थे और वे सीकर जिले में स्थित खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और वाहन में फंसे लोगों को निकालने के अभियान की निगरानी की।
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय संभवत: झपकी आ गई थी। क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी एक विस्तृत परिवार के 16 सदस्य सवार थे।
ट्रक चालक हारून ने संवाददाताओं को बताया कि उसने ट्रक में आई खराबी की जांच करने के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक को टक्कर मार दी।
उसने बताया कि टक्कर के कारण वह सड़क से करीब 20 फुट दूर जा गिरा और 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एम्बुलेंस को खुद फोन किया। हादसे में उसके घुटनों और सिर में चोट आई है।
घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान उषा (60), सुशीला (65), कैलाश (45), जानवी (छह), सज्जन (60), अनीता, बाबुआल (60), जानवी (13) और माधवी (45) के रूप में हुई है। घायलों में दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं।