नोएडा, ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की बिहारी मार्केट में बृहस्पतिवार सुबह भीषण आग लगने से एक कॉस्मेटिक की दुकान सहित कई दुकानें जल गईं। आग से हुए नुकसान के कारण सदमे में कॉस्मेटिक दुकान के मालिक को दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
बिसरख थाने के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाले एवं हैबतपुर गांव के रहने वाले रामनाथ शाह (71) की मौत हो गयी ।
सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया और इस दौरान आग से हुए नुकसान के सदमे के कारण शाह को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि आग से हुए नुकसान के सदमे के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक अन्य घटना में बिसरख थाना क्षेत्र में बिजली का करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि बहलोलपुर गांव निवासी दिनेश (22) को बिजली का करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।