बिजनौर जिले में युवतियों को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाने और शादी के नाम पर उन्हें बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक युवती को मुक्त भी कराया गया है, जिसे कथित तौर पर बेचने का सौदा किया जा चुका था।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौतम राय ने सोमवार को बताया कि 26 अक्टूबर को नजीबाबाद थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सोनू नामक व्यक्ति उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सोनू से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर मुखराम, उसके बेटे शिवम, शिवम की पत्नी सिमरन, ज्योति, कविता और सोनू को गिरफ्तार कर लिया।
राय ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लापता युवती को भी सकुशल मुक्त कराया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवतियों को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे। उन्होंने बताया कि मुक्त करायी गयी युवती को भी बेचने के लिए सौदा तय कर लिया गया था।
सूत्रों ने बताया कि गिरोह के सदस्य बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भटकने वाली युवतियों को निशाना बनाते थे तथा उन्हें शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाते और अपने कब्जे में रखकर उनके लिए ग्राहक तलाशते थे।
सूत्रों के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने इस काम के लिए आपस में जिम्मेदारियां बांट रखी थीं और कुछ सदस्य युवतियों को फंसाकर लाने, कुछ उन्हें अपने कब्जे में रखने एवं अन्य उनके लिए ग्राहक तलाशने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।