मिलान, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने दावा किया है कि उनका निजी डेटा डार्क वेब पर लीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी कई दिनों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी प्रसारित कर रहे हैं और उन्हें तथा उनके परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस घटना के लिए रूस समर्थक हैकरों को जिम्मेदार ठहराया है।
तजानी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि साइबर अपराधी डार्क वेब पर उनका निजी डेटा साझा कर रहे हैं और उनके तथा उनके करीबियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अपराधी इस तरह की जानकारी पाने के लिए पैसे देने को भी तैयार हैं।
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने तजानी के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि रूस समर्थक हैकरों की गतिविधियों और विदेश मंत्री के व्यक्तिगत डेटा के डार्क वेब पर प्रसारित होने की खबरें गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकारी अधिकारियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी बेचने के प्रयासों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई।
हालांकि, तजानी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके डेटा में किस तरह की जानकारी शामिल है और इसके पीछे किन लोगों या समूहों का हाथ है। उन्होंने संकेत दिया कि साइबर खतरा अभी टला नहीं है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब यूरोप के कई देशों में साइबर और सुरक्षा संबंधी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। हाल के दिनों में बम हमले की फर्जी धमकियों के कारण कई उड़ानों के मार्ग बदलने पड़े। इसके अलावा प्रसारण संस्थानों को सुरक्षा संबंधी खतरे, सुपरमार्केट की रेफ्रिजरेशन प्रणालियों पर साइबर हमले और ड्रोन घुसपैठ जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
तजानी ने कहा कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और इटली के विदेश मंत्रालय तथा देश की सुरक्षा के लिए काम जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इटली यूक्रेन का समर्थन जारी रखेगा और सुरक्षा के लिए सहयोग तथा आपसी संबंधों को मजबूत किया जाएगा।