लखनऊ, लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
लखनऊ पुलिस ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सोमवार को हुई घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मारे गए लोगों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला सह-कार्यवाह शिवाजी तिवारी भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद भाजपा नेताओं और आरएसएस से जुड़े लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
उसने बताया कि मामले के आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और चार खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में सोमवार को एक खाली भूखंड पर कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान हुई गोलीबारी में तिवारी परिवार के शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) की मौत हो गई।
उसने बताया कि शिवेंद्र तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव अभिजात मिश्रा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे थाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी थी। समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो इस घटना को टाला जा सकता था। हम पूरे थाने के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं।”
पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।