सीतापुर, बहराइच से लौटते समय रास्ते में लापता हो गए तीन लोगों के शव सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव के तालाब से निकाली गई कार से बरामद किये गये हैं।
पुलिस के मुताबिक रात 1.30 बजे के करीब कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास एक तालाब से क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश बजरंग (50), शशीष (40) और अटरिया निवासी रामेंद्र (62) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कार कमलापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बने एक तालाब में अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक राकेश अपने दोनों दोस्तों के साथ अपने बेटे मोहन से मिलने बहराइच गया था जो एक दुर्घटना में चोटिल हो गया था।
घर लौटते समय तीनों लापता हो गए, जिसके बाद उनके परिवारों ने पुलिस को सूचना दी और उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस को शक है कि शायद कार चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से तालाब में जा गिरी। हालांकि, थाना प्रभारी अतुल चौधरी ने बताया कि घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।