नोएडा में थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव के पास शनिवार दोपहर अस्थायी दुकानों में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन दुकानें जल गयीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार दोपहर रायपुर गांव के पास बनी अस्थायी दुकानों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने करीब छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
#WATCH | नोएडा, उत्तर प्रदेश: सेक्टर 126 स्थित करीब 6 दुकानों में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
CFO प्रदीप कुमार ने बताया, "…काफी बड़ी आग है। टीन शेड के क्लस्टर जल गए हैं… अंदर से काफी मात्रा में LPG सिलेंडर मिले हैं। हम… pic.twitter.com/p8Dsye4ibl
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 24, 2026
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के बाद उसे ठंडा करने की प्रक्रिया के दौरान एक दुकान के अंदर एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में जला हुआ मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि ग्राइंडर से लोहा काटते समय निकली चिंगारी से आग लगी होगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।