बलरामपुर, ट्रक टायर चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए पुलिस थाने बुलाए जाने के बाद 48 वर्षीय एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने उसकी मौत का कारण हृदयाघात बताया है और उसके परिवार द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं।
तुलसीपुर थाने की सीमा के अंतर्गत सेकहनिया गांव के निवासी रंजीत सैनी को 21 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उसके परिवार ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और बाद में वह तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे में दर्द से तड़पता हुआ मिला।
रंजीत के भाई राम केवल सैनी ने कहा कि इलाज के बाद परिवार उसे घर ले आया, लेकिन उसकी हालत फिर बिगड़ गई। उसे एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा कि सैनी पुलिस थाने में अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गया था और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम में सैनी के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है और मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया है। पुलिस के अनुसार, सैनी के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने पुलिसकर्मी रत्नेश कुमार और देवाशीष मिश्रा को निलंबित कर दिया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
— BALRAMPUR POLICE (@balrampurpolice) October 23, 2026