अयोध्या के भेलसर स्थित रौजागांव चीनी मिल के पास बुधवार को एक चाय के होटल में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में होटल में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत रही कि आग की लपटें उठते ही होटल संचालक रामशरण ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पहुंची दमकल (फायर ब्रिगेड) की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निकांड की जानकारी मिलते ही रुदौली के क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित होटल संचालक रामशरण से मुलाकात कर उनका हाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली। विधायक ने पीड़ित को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का त्वरित आकलन कराकर नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता और तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति और हुए नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि आग से हुए नुकसान की समीक्षा की गई है और राजस्व टीम को क्षति का सही आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जा सके। इस हादसे में होटल का पूरा सामान नष्ट हो जाने के कारण संचालक के सामने परिवार के भरण-पोषण और रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है।