देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में एक झोपड़ी में आग लगने से एक व्यक्ति, उसकी तीन साल की बेटी और भाई समेत तीन लोगों की जलकर मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
पुलिस के अनुसार नोनापार गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद (32) अपनी पत्नी लीला (28), तीन वर्षीय बेटी शनि और भाई बालकिशन (13) के साथ झोपड़ी में सो रहे थे। मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता आग ने विकराल रूप ले लिया।
इस हादसे में प्रसाद, उनकी बेटी शनि और भाई बालकिशन की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि पत्नी लीला गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
भटनी के थाना प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घायल लीला को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।