इंदौर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की वार्षिक ‘अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल’ की बैठक इस वर्ष मध्य प्रदेश के मालवा प्रांत स्थित इंदौर शहर में आयोजित होने जा रही है। यह तीन दिवसीय बैठक आगामी 2, 3 एवं 4 नवम्बर 2026 को संपन्न होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह और अन्य अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुखों सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
संगठनात्मक दृष्टि से इस अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल बैठक में संघ रचना के सभी 46 प्रांतों और 11 क्षेत्रों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक, सह प्रांत संघचालक तथा सह प्रचारक भाग लेंगे।
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि हाल ही में संपन्न विजयादशमी पर्व के साथ देश भर में पिछले एक वर्ष से चल रही संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला सफलतापूर्वक पूर्ण हुई है।
बैठक के दौरान विजयादशमी उत्सव पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण विषयों के अनुवर्तन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही शताब्दी वर्ष के अंतर्गत देश भर में आयोजित सभी कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
बैठक में वर्तमान समय के कई समसामयिक एवं गंभीर विषयों पर भी गहन चर्चा होगी, जिनमें नए डिजिटल माध्यमों की सामग्री (Content), देश में बढ़ती नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।