श्रावस्ती जिले में एक युवक की कथित तौर पर हत्या करने और शव को बोरे में भरकर बहराइच में नहर किनारे फेंकने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि 11 अक्टूबर को बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र के लीलापारा गांव में पिपरहवा नहर के किनारे बोरे में एक युवक का शव बरामद किया गया था।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र के गंधरिया बुजुर्ग गांव निवासी आकाश गुप्ता (28) के रूप में हुई।
तिवारी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर 13 अक्टूबर को मटेरा थाने में हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया जिसमें श्रावस्ती निवासी राजकुमार गुप्ता और उसकी पत्नी पूनम देवी को नामजद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
उसने बताया कि आकाश मुंबई में नौकरी करता था और उसका श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा निवासी पूनम देवी से प्रेम संबंध था।
पुलिस ने बताया कि पूनम के पति राजकुमार गुप्ता को इस संबंध की जानकारी थी और इस मामले को लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी। उस समय आकाश को समझाया गया था, लेकिन वह नहीं माना और पूनम से मिलने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाने लगा।
उसने बताया कि इसके बाद राजकुमार ने अपनी पत्नी से फोन करवाकर आकाश को 10 अक्टूबर की शाम श्रावस्ती स्थित अपने घर बुलाया जहां विवाद होने पर राजकुमार, पूनम, पूनम के पिता फूलचंद और भाई अनुज ने तार से गला घोंटकर और डंडों से हमला कर आकाश की कथित तौर पर हत्या कर दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को पूनम और उसके पति राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बिजली का तार, डंडे और एक गाड़ी भी बरामद की गई।
उसने बताया कि पूनम के पिता फूलचंद और भाई अनुज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।