उत्तर प्रदेश में मानसूनी सक्रियता में एक बार फिर तेजी आई है। इसका असर खास ताैर पर पश्चिमी तराई में देखने को मिला। बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में भारी से अति भारी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि आज सोमवार को नेपाल से सटे आठ जिलों में जोरदार बारिश के आसार हैं। 9 सितंबर तक तराई और पूर्वी यूपी के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद बुधवार से कुछ दिनों के लिए यूपी में मानसूनी बारिश कमजोर पड़ेगी।
रविवार की बात करें तो को बरेली में सर्वाधिक 134.3 मिमी बारिश दर्ज हुई, बिजनाैर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी बारिश हुई। वहीं लखनऊ बिजनौर और अयोध्या में लगातार बारिश से जगह जगह जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी। मुरादाबाद में रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर है।
वाराणसी में गंगा चेतावनी स्तर से नीचे आई, लेकिन 84 घाट जलमग्न हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार नए सक्रिय हुए मौसम तंत्र के असर से सोमवार और मंगलवार को यूपी के तराई जिलों में गरज चमक के साथ कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।
बुधवार से निम्न दबाव क्षेत्र का असर कमजोर पड़ने पर बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती और आसपास के क्षेत्र के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।