अयोध्या, एकल विद्यालय अभियान के तहत रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुजागंज एवं ऐहार संच की ओर से रूदौली कोतवाली परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में करीब 60 गांव की महिला शिक्षिकाओं ने कोतवाली परिसर रुदौली पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम संच अध्यक्ष तारा हॉस्पिटल खैरनपुर के संचालक डॉक्टर युराज तथा संच समिति अनुराग यादव एवं श्रीमती आरती के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
महिला शिक्षिकाओं ने कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य सहित कोतवाली में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया। इस दौरान महिला शिक्षिकाओं ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई और रक्षाबंधन के शगुन के रूप में उपहार भी भेंट किया।
पुलिस कर्मियों ने भी इस आत्मीयपल के लिए एकल विद्यालय अभियान की शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई बहन के रिश्ते का पर्व नहीं बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व भी है।
दिन-रात समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिस कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर महिला शिक्षिकाओं ने उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की मिशाल पेश की।
कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने सभी महिला शिक्षिकाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी साथ ही सभी पुलिसकर्मियों ने भी इस आत्मीय आयोजन को यादगार बताते हुए शिक्षिकाओं का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली परिसर में सौहार्द और अपनत्व का वातावरण बना रहा।









