अमेठी जिले के अमेठी-दुर्गापुर मार्ग पर स्थित तिवारीपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गयी तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया
पुलिस ने बताया कि 16 अगस्त की शाम पीपरपुर थाना क्षेत्र में रामगंज निवासी सुनील कुमार (26) अमेठी से मोटरसाइकिल से घर जा रहा था और इसी दौरान अमेठी-दुर्गापुर मार्ग पर तिवारीपुर के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
सूत्रों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में जा पलटा। उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सुनील और ट्रक चालक रामराज को उपचार के लिए अमेठी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि घायल ट्रक चालक का उपचार किया जा रहा है। अमेठी के थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।










