सुलतानपुर जिले में शुक्रवार सुबह अखंडनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के बीच मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और पांच करोड़ रुपये मूल्य की अवैध मार्फिन जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, इस मुठभेड़ में दो आरोपी पुलिस की गोली से घायल हो गए जिनका इलाज अस्पताल में हो रहा है।
क्षेत्राधिकारी (कादीपुर) विनय गौतम ने बताया कि पुलिस को यह सूचना प्राप्त हुई कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल एक गिरोह मादक पदार्थ की आपूर्ति करने कहीं जाने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने अखंडनगर थाना क्षेत्र के सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दो कारें आती दिखाई दी जिसको पुलिस ने रोका तो कार में बैठे लोगों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह घायल हो गए। आलम बलरामपुर जिले के जैतपुर का निवासी है और सिंह सुलतानपुर का रहने वाला है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस बरामद हुए हैं और इनके साथी रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति एवं रामबाबू भी पकड़े गए जिनके कब्जे से दोनों गाड़ियों से करीब एक किलोग्राम, 800 ग्राम अवैध मार्फिन बरामद हुई जिसका मूल्य करीब पांच करोड़ रुपये है।
आरोपियों ने पूछने पर बताया वे इसे तस्करी करके ओडिशा से लाते हैं और प्रदेश के कई जिलों में इसकी आपूर्ति करते हैं।










