कुशीनगर में कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने गए 12 वर्षीय लड़के की अचानक नाले में डूबकर मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के थाना कप्तानगंज के भगवानपुर गांव का आदित्य चौहान बुधवार की शाम लगभग छह बजे भवन नाले में मछली पकड़ने गया था। इस बीच अचानक वह नाले में गिर गया और गहरे पानी में डूबने लगा। वह मदद के लिए चिल्लाया। शोर सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे, जिनमें से कुछ युवक साहस दिखाते हुए नाले में कूद गए और डूब रहे आदित्य को बाहर निकाला।
लोगों के सहयोग से आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोदरवार ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आदित्य के पिता शत्रुघ्न रोजगार के सिलसिले में सउदी अरब में हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजन द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से इनकार करने पर पुलिस लौट गई।
इस संबंध में कप्तानगंज के थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही गांव के बाहर बगीचे में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रकरण थाना पुलिस के संज्ञान में है, नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है।
— Kushinagar Police (@kushinagarpol) July 23, 2026









