फिरोजाबाद जिले में इटावा के विशेष अभियान दल (एसओजी) और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में दो कथित इनामी बदमाश मारे गए। इस दौरान गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि यह मुठभेड़ दोपहर के आसपास शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नीम खरिया गांव के निकट हुई। दोनों आरोपी तीन जुलाई को इटावा में हुई झपटमारी की एक वारदात में वांछित थे और पुलिस का पीछा किए जाने पर उन्होंने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी।
आगरा के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एस. के. भगत ने बताया कि इटावा एसओजी और निगरानी (सर्विलांस) टीम को सूचना मिली थी कि दोनों वांछित अपराधी गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं।
उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद उसकी तलाशी शुरू की।
भगत के अनुसार, दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर पास के एक गांव की ओर भाग गए। पीछा किए जाने पर उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक बच्चे को कथित तौर पर बंधक बना लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
फिरोजाबाद में बदमाश अंकित और सुमित ने दो पुलिसवालों को गोली मार दी, फिर एक गांव में जाकर छिप गए। सैकड़ों पुलिसवालों ने पूरा गांव घेर लिया है। दोनों बदमाश एनकाउंटर में मारे गए… #Firozabad pic.twitter.com/bADyCY9fhf
— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) July 17, 2026
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पीछा जारी रखने पर आरोपियों ने पुलिस की टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें एसओजी के सिपाही डेविड चौहान के पेट में तथा सिपाही पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी।
दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौहान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर किया गया। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सुमित और 26 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। भगत ने बताया कि दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उन पर इनाम घोषित था।
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव, फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांघे, एडीजी एस. के. भगत तथा आगरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।









