अयोध्या, नगर पालिका परिषद रुदौली में अप्रैल 2026 में कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के टेंडर दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नहीं खुल सके हैं, इस मामले को लेकर सभासदों ने नाराजगी जताते हुए कार्यवाही की मांग की है।
सभासद शहनाज बानो व सभासद ताहिरुननिशा ने नगर विकास मंत्री व पालिका अध्यक्ष जब्बार अली को पत्र पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सभासदो द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद रुदौली में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों हेतु राज्यवित्त से टेंडर प्रक्रिया अप्रैल 2026 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य बरसात से पहले शहर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना कच्चे व जर्जर नालों का निर्माण तथा अन्य जरूरी विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना था।
आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हुए दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी अब तक ऑनलाइन टेंडर नहीं खोले गए हैं जिससे विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि समय बीतने के साथ निर्माण सामग्री की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे सरकारी धन के अतिरिक्त व्यय की संभावना है इसके अलावा सीएमएवाई योजना के तहत लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से प्रस्तावित विकास कार्य भी प्रभावित होने की बात कही गई है।
सभासदो का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण सभासदों और आम नागरिकों में असंतोष का माहौल है हालांकि मामले में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रुदौली प्रेम नाथ वर्मा ने बताया कि टेंडर अभी तकनीकी प्रक्रिया की स्वीकृति के चरण में है, आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होते ही नियमानुसार टेंडर खोलने की कार्रवाई की जाएगी।










