बिहार के मधुबनी जिले में ड्यूटी के दौरान पुलिस वाहन के भीतर नकदी गिनने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दो महिला पुलिसकर्मियों समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सोनल कुमारी पुलिस वाहन के भीतर नकदी गिनती हुई दिखाई दे रही हैं।
मधुबनी पुलिस के बयान के अनुसार, यह वीडियो 24 जून को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद झंझारपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में इसकी जांच कराई गई।
मधुबनी पुलिस रिश्वत और अवैध वसूली का पैसा आपस में बांटती हुई। pic.twitter.com/58dqoj1ewV
— Pushpraj sharma (@ThePushprajX) June 24, 2026
बयान के अनुसार जांच में पता चला कि वीडियो लगभग दो महीने पुराना है। तथा उसमें दिख रही महिला एएसआई सोनल कुमारी अरड़िया संग्राम थाने में तैनात हैं और फिलहाल अवकाश पर हैं।
पुलिस ने यह भी पाया कि वीडियो के समय महिला आरक्षी सौंदर्या राय और गौतम कुमार भी उसी वाहन में ड्यूटी पर तैनात थे।
बयान के अनुसार, मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।
पुलिस ने वीडियो में दिखाई गई गतिविधि को ‘‘अत्यंत संदिग्ध’’ बताया और कहा कि इससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल हो सकती है।
हालांकि, अधिकारियों ने वीडियो में दिखाई गई नकदी के स्रोत अथवा उसके उद्देश्य के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।










