अयोध्या, रुदौली विधानसभा क्षेत्र के लिए 19 जून का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। क्षेत्र के अंतर्गत मां कामाख्या धाम (महोत्सव परिसर), मां कामाख्या नगर पंचायत में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर वीरांगना महारानी झलकारी बाई कोरी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।
यह जानकारी रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम का आयोजन 19 जून 2026, शुक्रवार को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनसहभागिता की संभावना है।
मुख्यमंत्री के इस आगमन के साथ ही रुदौली विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की घोषणा प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं और समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
यह कार्यक्रम जहां एक ओर ऐतिहासिक व सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगा।










