अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित सरयू नदी के ढेमवा घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चे गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक बच्चे का शव नदी से बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे मासूम का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दूसरे बच्चे की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के बाद से ढेमवा घाट और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और खोज अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे बच्चे के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार प्रशासन से बच्चे को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद सरयू नदी के घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।










