अयोध्या, जनपद के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल भरतकुंड सरोवर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। रविवार को दोस्तों के साथ भरतकुंड सरोवर में नहाने गया एक 19 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को सरोवर से बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना हैदरगंज क्षेत्र के गोठौरा गांव का रहने वाला विकास (19 वर्ष) पुत्र छोटे लाल अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ थाना पूराकलंदर क्षेत्र में स्थित पौराणिक भरतकुंड सरोवर में स्नान करने आया था। चारों दोस्त सरोवर में नहा रहे थे कि इसी दौरान विकास का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की चपेट में आ गया। जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते, विकास सरोवर के गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया।
साथी युवकों द्वारा शोर मचाए जाने पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर घाट पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पूराकलंदर थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद आखिरकार विकास के शव को सरोवर से बाहर निकाला जा सका। युवक की मौत की खबर सुनते ही गोठौरा गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










