मेरठ जिले की मवाना नवीन सब्जी-फल मंडी में बंद पड़े एक शौचालय में हरी सब्जियां रखे जाने का मामला सामने आने के बाद मंडी प्रशासन ने संबंधित आढ़ती का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो में मंडी परिसर के बंद पड़े एक शौचालय में टमाटर, भिंडी, तोरई, हरी मिर्च, धनिया, पुदीना और लौकी जैसी सब्जियां प्लास्टिक की बोरियों में रखी दिखाई दीं, जिसके बाद प्रशासन और मंडी समिति में हड़कंप मच गया।
मंडी सचिव अर्जुन सिंह ने रविवार को बताया कि संबंधित शौचालय लंबे समय से जाम होने के कारण उपयोग में नहीं था।
उन्होंने कहा कि प्रधान ट्रेडिंग कंपनी के संचालक अभय कुमार ने बिना अनुमति के बची हुई सब्जियां वहां रख दी थीं और 15 मई को सूचना मिलने के लगभग ढाई घंटे के भीतर मंडी समिति की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक क्विंटल सब्जियां जब्त कर नष्ट कर दीं।
अर्जुन सिंह के अनुसार, जब्त की गई सब्जियों में लौकी, टमाटर, तोरई और हरा धनिया शामिल था, जिन्हें गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
मंडी सचिव ने बताया कि संबंधित आढ़ती को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, मंडी परिसर में किसानों, आढ़तियों और ग्राहकों के उपयोग के लिए बने शौचालय का कथित रूप से गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस घटना के बाद मवाना के उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

