बरेली जिले में शुक्रवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षकों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों शिक्षक मोटरसाइकिल से परीक्षा ड्यूटी के लिए जा रहे थे कि तभी बरेली-शाहजहांपुर राजमार्ग पर फरीदपुर टोल प्लाजा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस निवासी पीके यादव और मुंशीनगर निवासी प्रमोद यादव फरीदपुर ब्लॉक के लोंगपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दोनों रोज की तरह साथ में परीक्षा ड्यूटी के लिए निकले थे। फरीदपुर थाना प्रभारी राधे श्याम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और टोल प्लाजा व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना फरीदपुर, बरेली पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया है। प्रकरण में अनुवर्ती कार्यवाही प्रचलित है।
— Bareilly Police (@bareillypolice) May 16, 2026










