हरदोई जिले के शाहाबाद कस्बे में हुई अजीबोगरीब घटना में दुल्हन ने धोखे से दूसरे लड़के से शादी कराये जाने का आरोप लगाते हुए भरे मंडप में विवाह से इनकार कर दिया।
इसके बाद वधु पक्ष के लोगों ने बारातियों से मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे समेत नौ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्र में रहने वाली अधिवक्ता प्रिया बाजपेयी की 13 मई को शादी होनी थी, जिसके लिये बारात 12 मई को पहुंची थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को विवाह समारोह के दौरान प्रिया ने दूल्हे देवेन्द्र सिंह परमार को देखकर उससे यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि परमार वह लड़का नहीं है जिससे उसकी सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी की बात हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, प्रिया का कहना था कि वह जिस लड़के से प्रेम करती है उसने अपना नाम राहुल बताया था और वह खुद को भोपाल में तैनात सेनाकर्मी बताता था। प्रिया ने कहा कि परमार की शक्ल उससे जरा भी नहीं मिलती लिहाजा वह यह शादी नहीं करेगी।
प्रिया के अनुसार, जयमाल और शादी की रस्मों से पहले उसे दूल्हे पर शक हुआ था और पूछताछ में उसने अपना नाम देवेंद्र सिंह परमार बताया। उसने बताया कि बारात में शामिल अन्य लोग भी युवक की सही पहचान और पृष्ठभूमि के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
सूत्रों ने बताया कि दुल्हन द्वारा धोखाधड़ी का इल्जाम लगाये जाने के बाद उसके पक्ष के लोगों ने बारातियों को मारा—पीटा, जिसमें दूल्हा घायल हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उग्र लोगों को रोका और दूल्हे देवेंद्र सिंह परमार समेत 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। परमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रिया ने आशंका जताई कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है जो युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर मानव तस्करी जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। उसने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

