मैनपुरी जिले के बेवर क्षेत्र में स्थित एक इंटर कॉलेज के प्राचार्य को अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के लिए जारी 16.78 लाख रुपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि कॉलेज प्रबंधक फरार है।
जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने वर्ष 2021-22 में केपीएस इंटर कॉलेज, डोडापुर तिल्यानी को 285 पंजीकृत छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए 16,78,500 रुपये जारी किए थे।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभाग ने वर्ष 2025 में जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि फर्जी छात्रों को छात्रवृत्ति का आवेदक दिखाया गया।
जिलाधिकारी के अनुसार, जांच में यह भी पता चला कि कथित छात्रों के लिए दिए गए मोबाइल नंबर फर्जी थे और कॉलेज के रिकॉर्ड में दर्ज छात्र वास्तव में अन्य संस्थानों में पढ़ रहे थे।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान शिक्षकों के बयानों से स्पष्ट हुआ कि कॉलेज में छात्रवृत्ति वितरण से संबंधित कोई अभिलेख नहीं मिला।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के एक सहायक लिपिक की तहरीर पर 20 जुलाई 2025 को बेवर थाने में प्राचार्य शशिभूषण सिंह और प्रबंधक प्रियांशु प्रताप सिंह के खिलाफ 285 अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति राशि के गबन का मामला दर्ज किया गया था।
प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात प्राचार्य को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार प्रबंधक की तलाश जारी है।




