मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने पांच और शव बरामद किए हैं जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर नौ हो गई।
क्रूज हादसे में बाल-बाल बचीं दिल्ली निवासी संगीता कोरी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लापरवाही और तैयारियों की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई तथा अंतिम समय में ‘लाइफ जैकेट’ बांटने के दौरान अफरा-तफरी मच गई।
कोरी के अनुसार, ‘‘किसी भी यात्री ने ‘लाइफ जैकेट’ नहीं पहन रखी थी। उन्हें अंदर कहीं रखा गया था। जब पानी भरने लगा तो उन्हें बांटने की कोशिश की गई जिससे अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की मच गई। कुछ ही पलों में नाव पलट गई।
मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘ बृहस्पतिवार को चार शव मिले थे तथा आज तड़के बचाव अभियान के दौरान पांच और शव बरामद किए गए जिससे मृतकों की संख्या नौ हो गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 22 लोगों को बचा लिया गया है।
मंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और ‘लाइफ जैकेट’ से जुड़े उस मुद्दे की भी जांच होगी जिसे हादसे में जीवित बचे एक व्यक्ति ने उठाया है।
लोधी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेजी से जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, बरगी बांध में 29 यात्रियों और दो चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक क्रूज नाव बृहस्पतिवार शाम अचानक आए तूफान के कारण पलट गई थी। यह बांध नर्मदा नदी पर बना हुआ है।
राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए रातभर अभियान जारी रहा, जिसमें सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मदद कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि क्रूज को बाहर निकालने के लिए ‘हाइड्रोलिक क्रेन’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण पानी में लहरें उठने लगीं जिसके बाद कई यात्रियों ने चालक दल से क्रूज किनारे ले जाने की गुहार लगाई लेकिन चालक दल इन आवाजों को सुन नहीं सका और नाव बहकर पलट गई। उन्होंने बताया कि ‘लाइफ जैकेट’ पहने कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से बचाया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में क्रूज हादसा…अब तक 9 शव मिल चुके हैं। 24 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रशासन के मुताबिक 9 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे। pic.twitter.com/pTga5kAxOT
— LP Pant (@pantlp) May 1, 2026




