अयोध्या, शिक्षा क्षेत्र मवई के अंतर्गत आने वाले कंपोजिट विद्यालय बरौली में कार्यरत सेवानिवृत्त शिक्षक एहतिराम हुसैन खां “शब्बू” के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान दान बहादुर यादव व संचालन श्री राम कुमार कनौजिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने एहतिराम हुसैन खां “शब्बू” को शॉल, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मौजूद वक्ताओं ने अपने संबोधन में उनके लंबे शैक्षिक जीवन, अनुशासन,समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि “शब्बू” सर ने अपने सेवाकाल में न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने सम्मान से अभिभूत एहतिराम हुसैन खां “शब्बू” ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम व लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा श्रीमती सुमन, मुहम्मद शुएब, आदित्य शुक्ला, मनीष तिवारी, राम कुमार कनौजिया, मुहम्मद अदील खां, रघुनंदन यादव, उमेश पांडेय, प्रहृलाद जी, शिव मूर्ति यादव, आरिफ खान, संजय सिंह, ग्राम प्रधान दीप चंद्र यादव, आदित्य प्रकाश तिवारी(ए.आर.पी.), मुहम्मद कलीम, शेमा फातिमा, साबरीन बानों, गुल ए जोहरा, विष्णु कुमार गुप्ता, सय्यद वजीह उद्दीन अशरफ, शिव शंकर वर्मा, अरविंद कुमार कौशल, राज कुमार वर्मा, काली प्रसाद, वंदना यादव, सुभाषिनी शर्मा, प्राथमिक विद्यालय होलू पुर शशि यादव, सहित आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिकाएं एवं न्याय पंचायत डिलवल के समस्त प्रधानाध्यापक,सहायक शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

