वैश्विक समुद्री मार्गों के बीच अहम माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट को भारतीय ध्वज वाले LPG टैंकर ‘जग विक्रम’ ने सफलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से पार कर लिया है। यह टैंकर 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी (LPG) लेकर भारत की ओर बढ़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जहाज पर कुल 24 भारतीय नाविक सवार हैं, जो सुरक्षित हैं। ‘जग विक्रम’ मार्च की शुरुआत से फारस की खाड़ी से बाहर निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज बन गया है।
हालांकि, अब भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं मानी जा रही है, क्योंकि भारतीय ध्वज वाले करीब 15 जहाज अभी भी खाड़ी क्षेत्र में फंसे हुए हैं और उनके सुरक्षित निकलने की कोशिशें जारी हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट विश्व के सबसे व्यस्त और संवेदनशील समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है। ऐसे में ‘जग विक्रम’ का सुरक्षित निकलना भारत की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।










