अयोध्या में जल पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी, डूबते युवक की बचाई गई जान श्रध्दालु द्वारा आभार व्यक्त किया गया। प्रातः लगभग 06:00 बजे संत तुलसीदास घाट पर स्नान के दौरान एक युवक अचानक जल बैरिकेटिंग के बाहर कूद गया, जिसके कारण वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा और उसकी जान खतरे में पड़ गई।
डूब रहा युवक मोहन कुमार पुत्र राम प्रकाश दास, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी हाजीपुर थाना बरौनी, जिला बेगूसराय, राज्य बिहार का रहने वाला है। घटना को देखते ही घाट पर ड्यूटी कर रहे जल पुलिस प्रभारी रुबे प्रताप मौर्य, कांस्टेबल नित्यानंद यादव एवं कांस्टेबल अखिलेश यादव ने अदम्य साहस, सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए बिना एक क्षण गंवाए तुरंत नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया।
जल पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही क्षणों में डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी। बचाव के बाद युवक को सुरक्षित घाट पर लाकर उसकी स्थिति सामान्य कराई गई।
घटना के समय उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जल पुलिस की साहसिकता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सरयू तट पर तैनात जल पुलिस की यह मुस्तैदी और जनसेवा के प्रति समर्पण एक बार फिर यह दर्शाता है कि अयोध्या जल पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर समय पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।




