अयोध्या, कोतवाली नगर पुलिस ने राहगीरों को झांसा देकर लूटने वाले एक संगठित गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसरू नहर की पुलिया के पास से अनिल सिंह, आनंद पांडेय और भास्कर पांडेय उर्फ पप्पू को पकड़ा। इनके पास से घटना में प्रयुक्त टाटा टियागो कार, एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 25,300 रुपये बरामद हुए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर लोगों को अपनी गाड़ी में बैठाते थे और बातों में उलझाकर उनका धन व कीमती सामान चोरी कर उन्हें बीच रास्ते में छोड़ देते थे। पहचान छिपाने के लिए वे गाड़ी की नंबर प्लेट हटा देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आनंद पांडेय थाना पूराकलंदर का हिस्ट्रीशीटर (HS 162A) है, जिस पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।




