अयोध्या, इश्क का जब भूत चढ़ता है तो रिश्ते भी तार तार हो जाते हैं। मवई थाना क्षेत्र के ग्राम रजनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ इश्क के जुनून में एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों और परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रजनपुर निवासी एक युवक की पत्नी, जो तीन बच्चों की माँ है, शुक्रवार की शाम शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। घर पर मौजूद तीनों बच्चे पूरी रात अपनी माँ का इंतज़ार करते रहे।
आरोप है कि महिला प्रेमी के साथ जाने से पहले घर में रखे सोने-चांदी के गहने और लगभग एक लाख रुपये से अधिक की नकदी भी अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि यह रकम परिवार ने कड़ी मेहनत से जमा की थी।
पीड़ित युवक ने बताया कि 28 फरवरी को उसके छोटे बेटे का मुंडन संस्कार होना था, जिसकी तैयारियाँ चल रही थीं। रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र भी दिए जा चुके थे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया।
घटना से आहत युवक ने मवई थाने में पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश के साथ-साथ पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।




