गोंडा में जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी लिपिक प्रतिपूर्ति बिल के भुगतान के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। मामला तब सामने आया जब वादी आशीष पांडेय, निवासी आदमपुर (बहराइच), ने एंटी करप्शन संगठन में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता, जो सीएमओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उनके 56 हजार रुपये के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल को लिपिक जानबूझकर लंबित रखे हुए था।
बिल पास करने के नाम पर उससे 5,000 रुपये की अवैध मांग की जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम प्रभारी के नेतृत्व में सीएमओ ऑफिस में छापेमारी की गई। टीम ने वरिष्ठ लिपिक शशिकांत सिंह को रिश्वत की रकम लेते ही पकड़ लिया।
मौके से बरामद साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।




