बरेली, भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर सोमवार को नियमित प्रशिक्षण अभियान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद यहां एक खेत में आपात स्थिति में उतरा। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप ने बताया कि पायलट ने उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद एहतियातन सुरक्षित ढंग से हेलीकॉप्टर को उतारा।
उन्होंने कहा,‘‘हेलीकॉप्टर में सवार सभी वायुसेना कर्मी सुरक्षित हैं। ज़मीन पर कोई चोट या क्षति नहीं हुई है। एक बचाव दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार हेलीकॉप्टर मीरगंज के पास एक खुले मैदान में उतरा, जहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और वायुसेना की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी की।
वायु सेना के अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एक और हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर भेजा गया तथा खराब विमान में सवार कर्मियों और अधिकारियों को वापस एयरबेस भेज दिया गया, जबकि हेलीकाप्टर तकनीकी निरीक्षण के लिए मैदान में ही रहा।
अधिकारियों ने बताया कि खराबी का कारण जानने के लिए एक विशेष टीम ने विमान की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
मीरगंज पुलिस ने हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए उसके चारों ओर बैरिकेड लगा दिए हैं और अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।




