सोनभद्र के बिल्ली मारकुंडी खदान हादसे में तीन और लोगों के शव बरामद होने से इस घटना में मारे गये लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि 16 और 17 नवंबर की रात को मलबे से तीन और शव बरामद किये गये हैं। इनमें से एक की पहचान इंद्रजीत (30) के रूप में हुई है। बाकी दो शवों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि तीन और शव बरामद होने के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है।
सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार शाम को खदान में पहाड़ी का एक भाग दरकने से एक खदान धंस गयी थी। घटना के बाद रविवार को मलबे से राजू सिंह (30) नामक मजदूर का शव बरामद किया गया था।
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि शनिवार को बिल्ली मारकुंडी स्थित ‘कृष्णा माइनिंग वर्क्स’ की खदान में पहाड़ी का एक भाग दरकने से कई मजदूर मलबे में दब गए थे। इस संबंध में कृष्णा माइनिंग वर्क्स के मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर उनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी बचाव कार्य में जुटी है।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह के मुताबिक मलबे में कितने लोग दबे हैं इसकी सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं लग सका है।




