नयी दिल्ली, एअर इंडिया मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में फंसे 228 यात्रियों को वापस लाने के लिए मंगलवार को राहत उड़ान संचालित करेगी।
ये यात्री, सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण सैन फ्रांसिस्को-दिल्ली उड़ान का मार्ग परिवर्तित कर उसे मंगोलिया की राजधानी की ओर भेजने के बाद से उलानबटोर में फंसे हुए हैं। एयरलाइन ने बताया कि राहत उड़ान बुधवार सुबह यात्रियों को लेकर लौटेगी।
एक सूत्र ने सोमवार को बताया कि विमान में 228 यात्री और चालक दल के 17 सदस्य सहित 245 लोग सवार थे।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘एअर इंडिया उड़ान संख्या एआई174 (दो नवंबर की सैन फ्रांसिस्को-दिल्ली उड़ान) के यात्रियों को लाने के लिए एक राहत उड़ान संचालित करेगी जिसका मार्ग परिवर्तित कर सोमवार को उलानबटोर भेजा गया था। उड़ान संख्या एआई183 आज दोपहर दिल्ली से रवाना होगी और बुधवार सुबह प्रभावित यात्रियों को लेकर वापस आएगी।
राहत उड़ान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित की जाएगी।
बयान में यह भी कहा गया है कि एयरलाइन स्थानीय अधिकारियों और मंगोलिया स्थित भारतीय दूतावास के साथ मिलकर यात्रियों और चालक दल की देखभाल कर रही है, जिसमें उनके होटल में ठहरने की व्यवस्था भी शामिल है।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन ने सोमवार को कहा, ‘‘सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए दिल्ली जा रही एआई174एम उड़ान में रास्ते में तकनीकी समस्या का संदेह हुआ जिसके बाद विमान का मार्ग परिवर्तित कर उसे आपात स्थिति में उलानबटोर में उतारा गया। उड़ान का संचालन करने वाला बोइंग 777 विमान उलानबटोर में सुरक्षित उतर गया।



