बरेली, फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश में बरेली स्थित पैतृक घर पर गोलीबारी में शामिल पांचवें शूटर को शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि बरेली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी रामनिवास के पैर में गोली लगी और उसके साथी अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रामनिवास हाथ जोड़कर जमीन पर लेटा हुआ है और पुलिस से कथित तौर पर कह रहा है, “बाबा के यूपी में कभी नहीं आऊंगा सर।
पुलिस ने आरोपी के पास से .32 बोर की एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। आर्य ने बताया कि पूछताछ के दौरान रामनिवास ने गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने शूटर विजय और नकुल को गिरफ्तार किया था, जो 11 सितंबर को पाटनी के घर पर हुई गोलीबारी में कथित रूप से शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि बागपत निवासी दोनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था और उन्हें वारंट पर बरेली लाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने 17 सितंबर को गाजियाबाद में हरियाणा और दिल्ली पुलिस की टीमों के साथ मिलकर दो अन्य शूटरों अरुण और रवींद्र को मुठभेड़ में मार गिराया था।
पुलिस के अनुसार, विजय व नकुल ने 11 सितंबर को और अरुण व रवींद्र ने 12 सितंबर को पाटनी के घर पर गोलियां चलाई थीं।


