बहराइच ज़िले की कैसरगंज और महसी तहसीलों के एक दर्जन गांवों में भेड़िये जैसे जानवर के बढ़ते कथित हमलों से लोगो में दहशत फैल गयी है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों ने जानवरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस, वन अधिकारियों और अन्य राज्यों के विशेषज्ञों सहित 100 से ज़्यादा कर्मियों को तैनात किया है।
देवीपाटन मंडल की वन संरक्षक सिमरन एम ने कहा, ‘‘एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है और टीमें थर्मल ड्रोन, नाइट-विज़न कैमरे और कैमरा ट्रैप का इस्तेमाल कर रही हैं।’
इस बीच, ग्रामीणों ने लाठियों के सहारे गश्त शुरू कर दी है। वन विभाग ने ड्रोन के जरिए दो भेड़ियों पर नज़र रखने की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक किसी को भी नहीं पकड़ा जा सका है।


