बरेली जिले की आंवला तहसील में जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो राजस्व अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक और स्थानीय लेखपाल को अनुशासनहीनता और विवाद के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचित न करने के आरोप में निलंबित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि अलीगंज के उप-निरीक्षक मनोज कुमार और हेड कांस्टेबल शाहनवाज को भी दोनों गुटों के खिलाफ समुचित कार्रवाई शुरू न करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है।


