नयी दिल्ली, पुलिस ने एक ऑनलाइन कसीनो गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इस सिलसिले में गिरोह के सरगना समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (बाहरी) सचिन शर्मा ने बताया, ‘‘टीम ने मौके पर छापा मारा और ऑनलाइन जुआ खेलते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें काबू कर लिया गया। घटनास्थल से 85,320 रुपये नकद, छह कंप्यूटर सिस्टम और जुआ से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने भुवेंदर उर्फ भूपेंद्र (48), सूरज (26), मयंक (20), राहुल (26), रोहन (23), राजेंद्र गुप्ता (40), धर्मवीर (33), दिलशाद अहमद (33) और राजेश गुप्ता (32) को सुल्तानपुरी से गिरफ्तार किया है।
डीसीपी ने कहा, ‘‘भूपेंद्र इस गिरोह का सरगना है और वह पहले भी दिल्ली पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत पांच अन्य मामलों में संलिप्त रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’
संदिग्धों से पूछताछ के दौरान, यह पता चला कि गिरोह कथित तौर पर एक अवैध ऑनलाइन कसीनो ऐप संचालित करता था, जिसे आधिकारिक ऐप स्टोर के बाहर होस्ट किए गए संदिग्ध डाउनलोड लिंक के माध्यम से प्रसारित किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि ये लिंक अक्सर क्यूआर कोड का इस्तेमाल करके मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संभावित लोगों के साथ साझा किए जाते थे।
डीसीपी ने कहा, ‘‘पीड़ितों द्वारा कोड स्कैन करने के बाद उन्हें ऐप इंस्टॉल करने और एक्सेस प्राप्त करने के लिए एक ओटीपी दर्ज करने को कहा जाता था। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन जुए में भाग लेने के लिए असली पैसे से प्वॉइंट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करता था।’’
पुलिस ने बताया कि इस व्यवस्थित तरीके से आरोपी लगातार बदलते प्लेटफॉर्म के पीछे अपनी पहचान छिपाते हुए नए शिकारों को फंसाते रहे। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।


