मेरठ और मवाना में सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर मंगलवार को बिना अनुमति निकाली जा रही यात्रा को लेकर पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर समेत करीब 40 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा.विपिन ताडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुखिया गुर्जर समेत कुल 40 लोगों को हिरासत में लिया गया था, क्योंकि उन्होंने कहा था कि हम बिना अनुमति के जुलूस निकालेंगे।
एसएसपी ने कहा कि माल्यार्पण होने के बाद पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में लेकर बैठा लिया था, ताकि जुलूस वगैरह ना निकले। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी को छोड़ दिया गया है।
मुखिया गुर्जर ने पहले 26 अगस्त को सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर आयुक्त कार्यालय चौराहे पर कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया था।








