प्रयागराज जिले में क्षेत्र पंचायत के एक सदस्य ने एक महिला रिश्तेदार द्वारा छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने से आहत होकर बुधवार शाम अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद यादव ने बताया कि करछना क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक (32) ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि एक महिला रिश्तेदार ने मंगलवार रात को करछना थाने में दीपक के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली।
यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर छह लोगों को नामजद करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया और आरोपी महिला रेखा पांडेय (35) समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।


