अयोध्या,नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार की शाम तेज धूल भरी आंधी और उसके बाद हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।
बीते कई दिनों से लगातार पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे लेकिन बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
तेज हवाओं के साथ अचानक बदले मौसम ने तापमान में गिरावट ला दी जिससे न केवल कस्बावासी राहत महसूस कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम के इस बदले स्वरूप ने खुशगवार माहौल बना दिया है।
बारिश का सबसे ज्यादा लाभ किसानों को मिला। लंबे समय से बारिश की प्रतीक्षा कर रहे किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। खरीफ की फसलों के लिए यह बारिश अत्यंत लाभकारी मानी जा रही है, विशेषकर धान की खेती के लिए यह बारिश वरदान कही जा रही है।
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट और नमी के स्तर में संतुलन बना रहने की उम्मीद है।


