अयोध्या, शहर के देवकाली बाईपास के पास स्थित होम स्टे गौरी शंकर पैलेस में देवरिया के युवक ने रविवार शाम प्रेमिका को पिस्टल से शूट करने के बाद अपना भेजा उड़ा लिया।
सूचना पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो दोनों के शव बेड पर पड़े मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
भाजपा के देवकाली मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल का रानोपाली चौकी क्षेत्र के अयोध्या-लखनऊ हाईवे के बगल गौरी शंकर पैलेस होम स्टे है। रविवार सुबह लगभग 10:10 बजे देवरिया के नगर कोतवाली क्षेत्र के आचार्य रामचंद्र शुक्ला नगर, भुजौली निवासी युवक आयुष कुमार गुप्त (22) एक युवती के साथ यहां आया था। दोनों होम स्टे के द्वितीय तल पर स्थित कमरा नंबर 103 में ठहरे थे।
दोपहर लगभग 12:32 बजे तक युवक कमरे के बाहर देखा गया। उसके बाद से उनका कमरा बंद हो गया। शाम लगभग पांच बजे वेटर चाय लेकर पहुंचा और काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई हलचल नहीं हुई तो मालिक को सूचित किया।
शाम लगभग छह बजे कोतवाली अयोध्या पुलिस को सूचना मिली। मौके पर सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और छानबीन शुरू की।
वीडियो ग्राफी की निगरानी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरा खुला तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया। कमरे के दक्षिणी दिशा में युवक का शव पड़ा था। जबकि पश्चिमी दीवार से सट कर युवती का शव पड़ा था। दोनों के माथे पर गन इंजरी थी। माथे पर एकदम सटाकर शूट किया गया था। युवक के घुटने के नीचे घुटने के नीचे एक पिस्टल दबी थी और दो कारतूस बिखरे थे। युवक के मुंह से खून बह रहा था। बेड के दोनों तरफ और बिस्तर पर भी खून बिखरा था।
अंदाजा लगाया गया कि युवक ने युवती को मार कर खुद को गोली मार ली। मौके पर एसपी सिटी चक्रपाणी त्रिपाठी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर नमूने एकत्र किए।
हरदोई में तैनात हेड कांस्टेबल व युवती के मामा धीरेंद्र कुमार ने कोतवाली अयोध्या के सीयूजी नंबर पर कॉल करके युवती की पहचान बताई। युवती की पहचान गाजीपुर थाना दरियाबाद बाराबंकी निवासी बसपा जिलाध्यक्ष केके रावत की पुत्री अरोमा के रूप में हुई है।
वह अयोध्या में नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। दो जुलाई को वह घर से अयोध्या के लिए निकली थी। घटनास्थल की वीडियोग्राफी करके स्वतंत्र साक्षियों के बयान दर्ज किए हैं।


