इटली के वेनिस में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और लॉरेन सांचेज विवाह के बंधन में बंध गए। हालांकि, गुरुवार को शुरू हुए दोनों के शादी से जुड़े कार्यक्रम पूरे वीकेंड जारी रहेंगे। दुनिया की सबसे महंगे विवाहों में से एक माने जा रहे इस विवाह की तैयारियां बीते करीब दो महीनों से जारी थीं।
इन कार्यक्रमों में कई बदलाव भी हुए और आखिरकार इस गुरुवार (26 जून) को विवाह से जुड़ी पहली रस्में हुईं। इटली में शुक्रवार को इस जोड़े ने चर्च में शादी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद शनिवार को बेजोस और सांचेज एक बड़ी पार्टी का आयोजन करेंगे।


