अयोध्या, बाबाबाज़ार थाना क्षेत्र में खेत की बटाई को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी व्यक्ति ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में पुलिस ने 60 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
घटना 19 जून 2025 की सुबह 8:30 बजे ग्राम कलापुर मजरे रेछ में जगजीवन पाल का शव उनके घर की चारदीवारी के अंदर हैंडपंप के पास मिला था। पुलिस ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया और जांच टीम का गठन किया।
साक्ष्य संकलन के आधार पर 21 जून को पुलिस ने आरोपी जागोराम (58) को गिरफ्तार किया। जागोराम मृतक जगजीवन पाल का पड़ोसी था। जांच में पता चला कि दोनों के बीच खेत की बटाई को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में जागोराम ने 18-19 जून की रात को जगजीवन पाल की हत्या कर दी।
मामले में थाना पटरंगा प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव व बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद व उनकी टीम ने कार्रवाई की।
टीम में हेड कांस्टेबल अतीश कुमार, नरेंद्र प्रताप, अमृतेश सिंह, संतोष कुमार सरोज और कांस्टेबल शशिकांत यादव व गौरव सिंह शामिल थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


