अयोध्या, नगर निगम का करोड़ों रुपये दबाए बैठी फर्में ब्लैक लिस्ट की जाएगी। इसकी प्रक्रिया नगर निगम ने शुरू कर दी है। कुल 10 फर्मो पर लगभग तीन करोड़ 63 लाख रुपये बकाया है।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर फर्मों के ब्लैक लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि हर बकायेदार फर्म को पहले ही नोटिस दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में विज्ञापन प्रसारित करने एवं पब्लिक फैसिलिटी केंद्र संचालित करने वाली संस्थाएं बकायदाओं में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बड़े बकायेदारों में धनंजय सिंह लक्ष्मी एडवरटाइजर्स छह लाख रुपये, आकाश एडवरटाइजिंग पर 11 लाख रुपये, अमेजॉन इंडिया पर 11 लाख रुपये, प्रतीक एडवरटाइजिंग कंपनी पर 17 लाख रुपये, गरिमा पब्लिसिटी पर पांच लाख रुपये, ज्योतिरादित्य इनफॉरमेशन पर चार लाख रुपये बकाया है।
इसके अलावा कवच ग्लोबल कनेक्श प्राइवेट लिमिटेड पर एक करोड़ 84 लाख रुपये बकाया है। मैसेज स्मार्ट सर्विसेज मल्टी लेवल कार पार्किंग पर भी एक करोड़ आठ लाख रुपये की देनदारी है। अजय सक्सेना स्पार्क सर्विसेज को पांच लाख रुपये नगर निगम में जमा करने हैं।
उन्होंने अन्य बकायेदार फर्मों को बकाया तत्काल जमा करने की हिदायत दी है। कहा है कि 31 मार्च तक धनराशि न जमा होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


